May 13, 2026

प्रशासन का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है

जिले में लिंगानुपात में सुधार तथा भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को लघु सचिवालय स्थित वीसी सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद की अध्यक्षता में पुलिस, स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने कहा कि जिले में आयोजित होने वाले प्रत्येक शादी समारोह में पंडित, मौलवी एवं ग्रंथियों द्वारा नवविवाहित जोड़ों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा भ्रूण हत्या न करवाने जैसे सामाजिक संकल्पों की शपथ दिलवाई जाए। उन्होंने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों को जड़ से समाप्त करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के दौरान आमजन को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि समाज में बेटियों के सम्मान और सुरक्षा को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *