May 9, 2026

ईडी ने संजीव अरोड़ा से जुड़ी कंपनियों की 157 करोड़ की संपत्तियां अटैच कीं

चंडीगढ़, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब के उद्योग एवं ऊर्जा मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़ी कंपनियों और व्यक्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 157.12 करोड़ रुपये के कथित फर्जी निर्यात और विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले में बैंक खाते, डीमैट होल्डिंग्स और अचल संपत्तियां अस्थाई रूप से अटैच कर दी हैं।

ईडी ने 19 अप्रैल को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा), 1999 की धारा 37(3) तथा आयकर अधिनियम की धारा 132(9बी) के तहत यह अस्थाई अटैचमेंट आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार संबंधित संपत्तियों को 180 दिनों के लिए फ्रीज किया गया है ताकि राजस्व हित सुरक्षित रहे और जांच आगे बढ़ाई जा सके।
यह कार्रवाई 17 अप्रैल को की गई तलाशी और जब्ती अभियान के बाद हुई। ईडी ने गुरुग्राम के उद्योग विहार स्थित हैम्पटन स्काई रिएलिटी लिमिटेड के परिसरों, इसकी प्रमुख शेयरधारक कंपनी फ़िंडोक फिनवेस्ट प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालयों तथा संजीव अरोड़ा, काव्या अरोड़ा, हेमंत सूद और चंदर शेखर से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी।

ईडी के अनुसार, कंपनी ने अपने निदेशकों, कर्मचारियों और सहयोगियों के साथ मिलकर शेल कंपनियों के नेटवर्क के जरिए फर्जी खरीद बिल तैयार किए। इन दस्तावेजों के आधार पर कथित तौर पर फर्जी बिक्री और निर्यात दिखाए गए।

जांच एजेंसी का दावा है कि 157.12 करोड़ रुपये के घोषित निर्यात में से 102.50 करोड़ रुपये का लेनदेन केवल यूएई स्थित दो कंपनियों फोर्टबेल टेलीकॉम और ड्रैगन ग्लोबल के माध्यम से किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *