पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी में भाजपा बंपर जीत की ओर
शिवालिक पत्रिका, पांच राज्यों में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी जीत हासिल हुई है। चुनाव में एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू स्पष्ट रूप से दिख रहा है। सबसे चर्चित पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक बड़ी जीत की ओर बढ़ती दिख रही है, जहां वह 200 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस 87 सीटों पर आगे है। पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और लेफ्ट मात्र दो-दो सीटों पर आगे चल रहे हैं।
तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) शानदार शुरुआत करती दिख रही है और 106 सीटों पर आगे है, वहीं सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम( द्रमुक) गठबंधन 72 सीटों पर आगे रहकर तीसरे स्थान पर खिसकती नजर आ रही है।
पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी रहने के बीच, पूर्वी भारत भगवा रंग में रंगता हुआ नजर आ रहा है।
इन विधानसभा चुनावों में 2026 में सबकी नजर पश्चिम बंगाल पर है जहां ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी का लंबे समय से दबदबा रहा है। मतगणना से पहले कई स्ट्रॉन्गरूम के बाहर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच तना-तनी देखने को मिली। चुनाव प्रक्रिया के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के 2.5 लाख से अधिक जवानों को राज्य पुलिस के साथ तैनात किया गया है। अगर भाजपा ऐतिहासिक जीत की तलाश में है, तो टीएमसी ने भी लगातार चौथी बार सत्ता बरकरार रखने के लिए कड़ी मेहनत की है।
असम में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा शर्मा एक बार फिर प्रचंड जीत की ओर आगे बढ़ रहे हैं।उनके नेतृत्व में भाजपा 126 सीटों में से 101 सीटों पर आगे चल रहे हैं जबकि कांग्रेस मात्र 21सीटों पर आगे है। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों में डाले गए वोटों की गिनती जारी रहने के दौरान टीवीके 101 सीट पर आगे है और द्रविड़ दलों द्रमुक और अन्नाद्रमुक को पीछे छोड़ रही है। यहां तक की द्रमुक के शीर्ष नेता एवं मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और उनके बेटे एवं उप मुख्यमंत्री उदयनिधि चेन्नई की अपनी-अपनी सीटों पर पीछे हैं।
केरल में मतगणना के रुझानों के अनुसार कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है, जो मतदान के बाद के सर्वेक्षण (एग्जिट पोल) के अनुमानों के अनुरूप है। मतगणना के शुरुआती कुछ दौर के बाद संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) 140 विधानसभा सीट में से 100 पर आगे है जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) केवल 35 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। बीजेपी 3 व अन्य 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
उधर पुडुचेरी की 30 सीटों में भाजपा गठबंधन 18 सीटों पर जबकि कांग्रेस मात्र 7 सीटों पर आगे चल रहा है।
