छठी बार मां बनीं सीमा हैदर ने नवजात बेटे का नाम रखा भारत
नोएडा, पाकिस्तान से भागकर भारत आईं सीमा हैदर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। फरवरी 2026 में छठी बार मां बनीं सीमा और उनके पति सचिन मीणा ने गुरुवार को अपने नवजात बेटे का पूरे रीति-रिवाज के साथ नामकरण संस्कार किया। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा स्थित अपने निवास पर आयोजित इस समारोह में कपल ने बेटे का नाम ‘भारत’ रखा है। इस नाम को लेकर माना जा रहा है कि पड़ोसी देश पाकिस्तान को जरूर मिर्ची लगेगी। इस खास मौके पर सीमा ने हिंदू धर्म की जमकर तारीफ की और कहा कि उन्हें हिंदू होने पर बहुत गर्व महसूस होता है।
बेटे का नाम भारत रखने के पीछे की दिलचस्प वजह का खुलासा करते हुए सीमा हैदर ने बताया कि नामकरण के दौरान पंडित जी ने जब ‘भ’ अक्षर निकाला, तो उन दोनों को लगा कि ‘भारत’ से सुंदर दुनिया में और कोई नाम हो ही नहीं सकता, इसलिए उन्होंने तुरंत यही नाम तय कर लिया। हिंदू धर्म की परंपराओं और खूबसूरती का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब घर में बेटा होता है तो नामकरण किया जाता है और यह उनका दूसरा कुआं पूजन है। सीमा ने बताया कि सनातन धर्म के ये छोटे-छोटे त्योहार परिवार में प्यार बढ़ाते हैं और उन्हें अपने फैसले पर कभी कोई पछतावा नहीं होता।
पाकिस्तान वापस जाने के सवाल पर सीमा हैदर ने एक बार फिर अपना रुख साफ करते हुए वहां लौटने से पूरी तरह इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि रबूपुरा में हर समाज के लोग रहते हैं और सभी उन्हें अपनी बहू मानकर असीम प्यार और सम्मान देते हैं। ऐसे में उनका वापस जाने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। इसके साथ ही सीमा ने बताया कि उन्हें खेल के मैदान में भी भारत को सपोर्ट करना बहुत अच्छा लगता है। हर मैच के दौरान वह भगवान से हमेशा भारत की जीत की प्रार्थना करती हैं और जब भी भारत जीतता है, तो उनका पूरा परिवार एक साथ मिलकर इस खुशी का जश्न मनाता है।
