February 19, 2026

दर्दनाक हादसा : दुकान में घुसी स्कॉर्पियो, दूध लेने आए युवक की मौत

नशे में थे गाड़ी सवार

मोगा, मोगा के गांव धल्लेके में बुधवार देर रात एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो घर में बनी करियाना दुकान में जा घुसी, जिससे 22 वर्षीय युवक सुखवीर सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

रात करीब 10 बजे सुखवीर सिंह दुकान से दूध लेने आए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक बेकाबू होकर उन्हें टक्कर मारते हुए दुकान के अंदर घुस गई और पलट गई। हादसे के समय गाड़ी में 5 युवक सवार बताए जा रहे हैं। घटना के बाद 4 युवक मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार युवक शराब के नशे में थे। पकड़ा गया युवक गांव खोसा रणधीर का निवासी है। मृतक के भाई लखबीर सिंह ने बताया कि सुखवीर सिंह सैलून का काम करता था। वह शादीशुदा था और उसका 3 वर्षीय बेटा है। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिवार ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

दुकान मालिक राजकुमार ने बताया कि हादसा अचानक हुआ। गाड़ी सीधे दुकान में घुस आई। उस समय बाहर अन्य लोग भी मौजूद थे, लेकिन उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्दी बाकी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *