पंजाब में दो दिन और जारी रहेगी कड़ाके की ठंड
18 जनवरी से बारिश के आसार
चंडीगढ़, पंजाब और चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड का दौर अभी दो दिन और जारी रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में घने कोहरे और शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है। खराब मौसम को देखते हुए जहां प्रशासन अलर्ट मोड पर है, वहीं आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान बठिंडा में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई है लेकिन यह अभी भी सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। साथ ही 18 जनवरी से राज्य के कई जिलों में बारिश होने के आसार हैं। घने कोहरे और ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूल अब सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक संचालित होंगे। यह आदेश 16 जनवरी से 21 जनवरी तक पूरे राज्य में लागू रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक आज अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कहीं-कहीं घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी कोहरे का असर बने रहने की संभावना है। प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
