राष्ट्रपति द्रौपदी द्रौपदी मुर्मू का जालंधर दौरा रद्द
एनआईटी के दीक्षांत समारोह में होना था शामिल
जालंधर, भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज प्रस्तावित जालंधर दौरा अचानक रद्द हो गया है। राष्ट्रपति भवन और प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के चलते यह फैसला लिया गया है। राष्ट्रपति को आज शहर में एक बड़े कार्यक्रम में शिरकत करनी थी, लेकिन हवाई यात्रा के लिए मौसम अनुकूल न होने के कारण सुरक्षा कारणों से उनकी यात्रा स्थगित कर दी गई है। इस खबर के बाद जिला प्रशासन और कार्यक्रम आयोजकों के बीच हड़कंप मच गया, क्योंकि स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को डॉ. बीआर आम्बेडकर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के 21वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होना था। इस समारोह में उन्हें मेधावी छात्र-छात्राओं को अपने हाथों से डिग्रियां और गोल्ड मेडल प्रदान करने थे। संस्थान के छात्र और फैकल्टी राष्ट्रपति के आगमन को लेकर बेहद उत्साहित थे, लेकिन मौसम की बेरुखी ने उनके उत्साह पर पानी फेर दिया। अब राष्ट्रपति की अनुपस्थिति में ही कार्यक्रम की औपचारिकताएं पूरी किए जाने की संभावना है।
इस वीवीआईपी दौरे को लेकर जालंधर जिला प्रशासन और पुलिस ने पिछले कई दिनों से दिन-रात एक कर रखा था। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया था और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात था। आम जनता के लिए ट्रैफिक रूट डायवर्ट किए गए थे और जालंधर को तीन दिनों के लिए ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया था। ड्रोन और निजी विमानों की उड़ानों पर पूरी तरह प्रतिबंध था। हालांकि, ऐन वक्त पर दौरा रद्द होने से प्रशासन की सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं।
