February 19, 2026

पोंग बांध का जलस्तर खतरे के निशान के करीब

पंजाब के कुछ हिस्सों में अलर्ट जारी

तलवाड़ा, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्थित पोंग बांध जलाशय में पिछले 24 घंटों में जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है, जिसके कारण हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों में अलर्ट जारी किया गया है। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने घोषणा की है कि निकट भविष्य में स्पिलवे के माध्यम से अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा।

बीबीएमबी तलवाड़ा के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता (जल विनियमन) द्वारा शनिवार शाम को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, शनिवार सुबह जलाशय का जलस्तर 1361.07 फीट तक पहुँच गया जो पिछले साल इसी दिन दर्ज किए गए 1328.45 फीट से काफी अधिक है। बाँध की अधिकतम भंडारण क्षमता 1,410 फीट है, जिसमें 1,390 फीट खतरे का स्तर है। शनिवार सुबह 87,586 क्यूसेक पानी का औसत प्रवाह दर्ज किया गया, जबकि टर्बाइनों के माध्यम से 18,995 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

यह अचानक वृद्धि ब्यास जलग्रहण क्षेत्र में भारी वर्षा और पिछले कुछ दिनों में मंडी ज़िले के पंडोह बाँध से पानी छोड़े जाने के कारण हुई है। देहर खड्ड, बुहाल खड्ड और देहरी खड्ड जैसी स्थानीय सहायक नदियाँ भी उफान पर हैं, जिससे पौंग बाँध में पानी का प्रवाह और बढ़ गया है। इंजीनियर ने कहा,“वर्तमान प्रवाह और वर्षा के पूर्वानुमान को देखते हुए, स्पिलवे के माध्यम से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा सकता है। बीबीएमबी अधिकारियों ने कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) और होशियारपुर (पंजाब) के जिला प्रशासनों से तत्काल एहतियाती कदम उठाने को कहा है। इस बीच, बांध से पानी छोड़े जाने से पहले रेड अलर्ट जारी करने के लिए कांगड़ा ज़िले के रे, स्थाना, संसारपुर टैरेस और रियाली इलाकों में हूटर लगा दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *