March 13, 2026

पंजाब पुलिस का नशे के कारोबार पर पर बड़ा प्रहार

पाकिस्तान, अमेरिका स्थित ड्रग सिंडिकेट से जुड़े 75 करोड़ की हेरोइन जब्त

तरनतारन: सीमा पार से नशा तस्करी नेटवर्क पर एक और बड़ा प्रहार करते हुए, तरनतारन पुलिस ने सोमवार को पाकिस्तान और अमेरिका स्थित ड्रग सिंडिकेट से जुड़े एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है और 15 किलोग्राम हेरोइन बरामद किए हैं। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 75 करोड़ बताई जाती है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृतसर के रोरनवाला निवासी हर्षप्रीत सिंह के रूप में हुई है। हेरोइन की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने आरोपी द्वारा ड्रग तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे सफेद रंग के एक्टिवा स्कूटर को भी जब्त कर लिया है। यह घटनाक्रम तरनतारन पुलिस द्वारा दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार करने और उनके कब्जे से छह किलोग्राम हेरोइन बरामद करने के एक दिन बाद हुआ है।

डीजीपी यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ड्रग की खेप अमेरिका स्थित तस्कर गुरनाम कल्लोवाल द्वारा संचालित तस्करी नेटवर्क से जुड़ी हुई है, जिसका संबंध पाकिस्तान स्थित ड्रग तस्कर पहलवान से भी है। उन्होंने कहा कि पहलवान सीमा पार से ड्रग की खेप गिराने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा था। उन्होंने कहा कि जांच में यह भी पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी हर्षप्रीत सीमा क्षेत्र के पास से मादक पदार्थों की खेप प्राप्त कर उसे स्थानीय नशा तस्करों तक पहुंचाता था और अपने यूएसए स्थित हैंडलर के निर्देश पर हवाला चैनलों के माध्यम से नशीली दवाओं की आय का भुगतान करता था। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे की जांच चल रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। ऑपरेशन विवरण साझा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) तरनतारन ने कहा कि आरोपी हर्षप्रीत की तस्करी गतिविधियों के बारे में विश्वसनीय इनपुट के बाद, एसपी जांच अजय राज, डीएसपी गोइंदवाल साहिब अतुल सोनी और डीएसपी विशेष अपराध गुरिंदर पाल नागरा की देखरेख में सीआईए की पुलिस टीमों ने एक खुफिया आधारित अभियान शुरू किया और आरोपी को रख सराय अमानत खां के इलाके से गिरफ्तार किया, जब वह अपने एक्टिवा स्कूटर पर किसी को नशीली दवाओं की खेप पहुंचाने जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *