बजट में पंजाब और पंजाबियों के साथ किया गया सौतेला व्यवहार: भगवंत मान
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को केंद्रीय बजट पर निराशा व्यक्त करते हुए दावा किया कि सीमावर्ती राज्य को एक बार फिर अनदेखा किया गया है और कुछ भी नहीं दिया गया है। इसे चुनावी बजट बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें केवल बिहार के लिए घोषणाएं की गई हैं।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को संसद में अपना आठवां बजट पेश किया। बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए भगवंत मान ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट में पंजाब को एक बार फिर अनदेखा किया गया है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर पोस्ट करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट में एक बार फिर पंजाब को अनदेखा किया गया। पंजाब के किसानों, नौजवानों को केंद्र सरकार ने कुछ भी नहीं दिया है।
केंद्र द्वारा न तो किसानों को फसल पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दी गई न ही राज्य को किसी इंडस्ट्री के लिए पैकेज दिया गया। पंजाब को ऐसा कुछ नहीं दिया गया जो उसके आर्थिक और भविष्य में सुधार ला सके।
यह बजट केवल चुनावी बजट है, जिसमें केवल बिहार राज्य के लिए ही घोषणा हैं। एक बार फिर बजट में केंद्र सरकार ने पंजाब और पंजाबियों के साथ सौतेला व्यवहार किया है। पर पंजाब को हम अपने बलबूते पर पैरों पर खड़े करके रहेंगे।
