हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र कल से धर्मशाला में
विधानसभा अध्यक्ष ने प्रेस वार्ता कर दी शीतकालीन सत्र की जानकारी
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का 7वां सत्र कल से धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में होगा। तपोवन में इस वर्ष 18 से 21 दिसम्बर तक होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। इस दौरान विधानसभा सचिवालय को कुल 316 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। जिनमें विधानसभा सदस्यों द्वारा 248 तारांकित और 68 अतारांकित प्रश्न सदन में उठाए जाएंगे। तारांकित 248 प्रश्नों में 128 ऑनलाइन जबकि 120 ऑफलाइन हैं। इसी तरह अतारांकित प्रश्नों में 32 ऑनलाइन और 36 ऑफलाइन पूछे गए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मंगलवार को तपोवन विधानसभा परिसर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। इस दौरान विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार भी उपस्थित रहे। कुलदीप पठानिया ने कहा कि इस बार शीतकालीन सत्र की चार बैठकों के दौरान विभिन्न नियमों के तहत सदन में सदस्यों द्वारा चर्चा भी की जाएगी। इनमें नियम 62 के तहत 5, नियम 63 के तहत एक, नियम 101 के तहत 5 और नियम 130 के तहत तीन विषयों पर सदस्यों द्वारा सदन में चर्चा की जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि इस बार विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सरकार द्वारा सदन में 15 बिल प्रस्तुत किए जाएंगे, जिन पर चर्चा होने के बाद उन्हें पारित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क इस बार सत्र में हिमाचल विधानसभा के इतिहास में पहली बार जीरो आवर की शुरुआत की गई है। इसके तहत रोजाना सत्र के दौरान 12 से 12ः30 बजे तक कोई भी सदस्य प्रदेश हित से जुड़े मुद्दे सदन में उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए सत्र से डेढ़ घंटा पूर्व सदस्य को विधानसभा सचिव को इसकी सूचना देनी होगी। अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा को देश की पहली ई- विधानसभा होने का गौरव प्राप्त है।
