March 14, 2026

हरियाणा में सरकार ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना चलाई है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर गरीब के सिर पर छत के सपने को पूरा करने के लिए चलाई गई प्रधानमंत्री आवास योजना की तर्ज पर हरियाणा में गरीब परिवारों के अपने घर के सपने को पूरा करते हुए सरकार ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना चलाई है। इस योजना के तहत आज 15,250 लाभार्थियों को प्लॉट आवंटन प्रमाण पत्र वितरित किए गए हैं।
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और लाभार्थियों को मौके पर प्लॉट आवंटन पत्र वितरित किए। इसके अलावा, चार अन्य स्थानों यमुनानगर, पलवल, सिरसा और महेंद्रगढ़ में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर नायब सिंह ने कहा कि आज बड़ा खुशी का दिन है जब गरीब लोगों के अपने घर का सपना पूरा हो रहा है। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना केवल एक योजना नहीं, बल्कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और हमारी डबल इंजन सरकार की गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाने वाली एक पहल है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अधिकारियों को यह निर्देश दिए जा चुके हैं कि अगर कोई पात्र लाभार्थी लाभ लेने से वंचित रह गया है या कोई और नागरिक भी इस योजना का लाभ लेना चाहता है तो इसके लिए एक पोर्टल विकसित किया जाए, ताकि लोग लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *