February 14, 2026

50 वां राज्य स्तरीय वार्षिक अधिवेशन हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटला खुर्द परिसर में संपन्न हुआ

अजय कुमार ,, हिमोत्कर्ष साहित्य,संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद का स्वर्ण जयंती 50 वां राज्य स्तरीय वार्षिक अधिवेशन रविवार को एलजेएन हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटला खुर्द परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव हिमाचल सरकार एवं चेयरमेन हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ओंकार चंद शर्मा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा फरीद मेडिकल साईंस विवि के पूर्व कुलपति डा.राज बहादुर ने की। ऊना सदर विस क्षेत्र से पूर्व विधायक सतपाल रायजादा विशिष्टातिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्यातिथि ओंकार चंद शर्मा,कार्यक्रम अध्यक्ष डा.राज बहादुर व विशिष्टातिथि सतपाल रायजादा ने उत्तर भारत की पंाच विभूतियों को हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता व तीन विभूतियों को हिमोत्कर्ष हिमाचलश्री पुरस्कार से सम्मानित किया। जबकि डलहौजी शाखा द्वारा दो विभूतियों को चंबा श्री पुरस्कारों से अलंकृत किया गया। समारोह में स्व.आयशा पटियाल स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृति के अंर्तगत प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से बीएससी माईक्रोबायोलोजी की टापर कविता को 25 हजार रूपए छात्रवृति,स्वर्ण पदक व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय की तीन छात्राओं को 16893 रूपए व 6 कॉलेज छात्राओं को स्वर्गीय शांति देवी शर्मा स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति के तहत 9 हज़ार रुपए की आर्थिक मदद प्रदान की गई। जिला ऊना से प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में प्रथम 20 स्थानों पर रहने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा जमा दो कक्षा के 20 विद्यार्थियों को स्व.संतोष कंवर स्मारक हिमोत्कर्ष मेधावी छात्रवृति के अंर्तगत एक-एक हजार नगद छात्रवृति, प्रशस्ति पत्र व स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। जबकि स्व.डा.एचके गोयल स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृति के तहत हिमकैप्स लाँ एवं नर्सिंग कालेज तथा नंदा नर्सिंग इंस्टीच्यूट ऊना की 10 मेधावी व जरूरतमंद छात्राओं को 2500-2500 रूपए नकद छात्रवृति प्रदान की गई। समारोह में हिमोत्कर्ष अमोदिनी महिला सशक्तिकरण प्रकल्प के तहत 55 पात्र विधवाओं को 123750 रूपए का राशन प्रदान किया गया। जबकि स्व.फूला देवी व ठाकुर लाला दास स्मारक हिमोत्कर्ष प्रकल्प के तहत 11 विधवाओं को 66 हजार रूपए की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम में कुष्ठ आश्रम ऊना को 11 हजार रूपए की आर्थिक मदद उपलब्ध करवाई गई। इस अवसर पर हिमोत्कर्ष स्मारिका-2024 का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम को मुख्यातिथि ओंकार चंद शर्मा ने संबोधित किया तथा परिषद के जनकल्याण कार्यो की जमकर सराहना की। कार्यक्रम अध्यक्ष डा.राज बहादुर,विशिष्टातिथि सतपाल रायजादा तथा परिषद के प्रदेशाध्यक्ष जतिंद्र कंवर ने भी समारोह को संबोधित किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *