हरियाणा का रैंक आगे भी पहले स्थान पर बरकरार रहे, इसके लिए लगातार मेहनत करते रहें
मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा राज्य में 30 नवंबर को शुरू की गई विकसित भारत संकल्प यात्रा दिन-प्रतिदिन नागरिकों में नया जोश भर रही है। हर दिन लाखों लोग यात्रा में शामिल हो रहे हैं। परिणामस्वरूप यात्रा की प्रगति के मामले में अभी तक हरियाणा देश में पहले स्थान पर है। मनोहर लाल ने समीक्षा बैठक में जिला उपायुक्तों का उत्साहवर्धन किया और निर्देश देते हुए कहा कि हरियाणा का रैंक आगे भी पहले स्थान पर बरकरार रहे, इसके लिए लगातार मेहनत करते रहें। सरकार की सभी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेवारी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जिला उपायुक्तों को सख़्त निर्देश दिए कि शहरों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखें। शहरों में कूड़े के ढेर नहीं लगे होने चाहिए। शहरों में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया जाएगा और किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
