गांव-गांव पहुंचकर लाभार्थियों को सरकार की योजनाओं का लाभ दे रही ‘मोदी की गारंटी वैन’
– झज्जर विधानसभा क्षेत्र के गांव ध्निया,रणखंडा और ढाणी साल्हावास में कार्यक्रम आयोजित
झज्जर, 27 दिसंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की समाज के अंतिम व्यक्ति को योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ देनेे की गारंटी के साथ ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ बुधवार को झज्जर विधानसभा क्षेत्र के धनिया,रणखंडा और ढाणी साल्हावास गांवों में पहुंची। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ कार्यक्रम में झज्जर विधानसभा क्षेत्र के गांव धनिया और रणखंडा में महिला विकास निगम की पूर्व चैयरमैन सुनीता चौहान, और गांव ढाणी साल्हावास में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रमेश वाल्मिकी ने यात्रा गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल व प्रदर्शनी लगाकर लोगों को योजनाओं व सरकारी सेवाओं की जानकारी दी गई। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ पूरे देश में सरकार की प्रमुख योजनाओं की संपूर्ण पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है जिसका आमजन प्रभावी रूप से लाभ उठा रहे हैं। कार्यक्रमों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संवाद का प्रसारण हुआ,जिसे ग्रामीणों ने ध्यानपूर्वक सुना। समाज के अंतिम व वंचित व्यक्ति का विकास ही प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का परम लक्ष्य : सुनीता चौहान गांव धनिया और रणखंडा में मुख्य अतिथि सुनीता चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का विकास करने का जो दृढ़ संकल्प लिया है वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राजनीति में राष्ट्र धर्म का विशेष महत्व होता है। राष्ट्र धर्म कहता है कि राष्ट्र की रक्षा, संप्रभुता, एकता, और सर्वांगीण विकास के लिए यह आवश्यक है कि राजा को अपने परिवार का मोह छोडक़र सम्पूर्ण प्रजा की समान रूप से चिंता करनी चाहिए। इस विचार को हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सही मायनों में साकार किया है। समाज के अंतिम व वंचित व्यक्ति का विकास ही प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का परम लक्ष्य है। सभी नागरिक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी महती भूमिका निभाए। हमेशा भाईचारे को बरकरार रखे। छोटे-मोटे मतभेद भुलाकर समाज व राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करने का संकल्प लें। किसानों की प्रगति सुनिश्चित कर रही केंद्र और प्रदेश सरकार : रमेश गांव ढाणी साल्हावास में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रमेश वाल्मिकी ने कहा कि केंद्र व हरियाणा सरकार निरंतर नवाचार और नई-नई पहलों के माध्यम से किसानों की प्रगति सुनिश्चित कर रही है। बीज से बाजार तक अवधारणा के अनुरूप सरकार किसानों को उत्तम बीजों के वितरण से लेकर उनकी फसल खरीद हेतु बाजार तक पहुंच की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्वयं एक किसान परिवार से हैं, वे किसानों का संघर्ष और उनकी समस्याओं से भलि-भांति अवगत हैं। इसलिए वे निरंतर किसानों के कल्याण हेतु सरकार की योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रहे हैं, ताकि किसान कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सके। राज्य सरकार ने किसानों को उचित दर पर गुणवत्ता प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न कदम उठाए हैं। मुख्यातिथियों ने विभागीय प्रदर्शनी का किया अवलोकन ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ कार्यक्रम में महिला विकास निगम की पूर्व चैयरमैन सुनीता चौहान और ढाणी साल्हावास में मुख्य अतिथि रमेश वाल्मिकी ने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए आमजन को सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी, एनीमिया आदि की जांच, निरोगी हरियाणा के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर, कॉमन सर्विस सेंटर का संचालन, मेरा भारत स्वयं सेवकों के पंजीकरण के लिए स्टॉल, बैंकिंग सेवाओं के लिए स्टाल, ऋण आवेदनों के लिए हेल्प डेस्क लगाए गए। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को प्रचार सामग्री का वितरण किया गया। सूचना जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने धरती कहे पुकार के नामक गीत की शानदार प्रस्तुति दी,जिसे ग्रामीणों ने खूब सराहा। लाभार्थी अपनी ‘जुबानी’ सुना रहे अपनी ‘कहानी’ : ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ कार्यक्रमों के दौरान जिन लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है, वे ‘मोदी जी की गारंटी वैन’ के पास आकर ‘अपनी जुबानी अपनी कहानी’ सुनाकर सरकार की योजनाओं की सराहना कर रहे हैं। लाभार्थी अपने अनुभव बता रहे हैं जोकि औरों के लिए प्रेरणास्पद हैं। जो लोग गांव में आवास, शौचालय, रसोई गैस सिलिंडर, नि:शुल्क राशन, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान बीमा जैसी किसी भी योजना से अब तक किन्हीं कारणों से वंचित रह गए हैं, उन्हें वैन के पास आयोजित कार्यक्रम में मौके पर ही योजनाओं का लाभ देकर लाभान्वित किया जा रहा है। यह रहे मौजूद इन गांवों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान जिला पार्षद वीरभान,भाजपा एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष सतबीर एडवोकेट,बीडीपीओ राहुल मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
