आयुष्मान भव: योजना के तहत घर द्वार पर मिलेगी स्वास्थ्य सेवाएं : अजय कुमार
रोहतक, उपायुक्त अजय कुमार ने कहा है कि आयुष्मान भव: योजना के तहत जिला के शेष बचे पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे ताकि इन परिवारों को भी सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिल सके। उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयुष्मान भव: योजना का शुभारंभ कर दिया है।
उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस यानी 17 सितंबर से जिला में आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य आरंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपए से कम है उन सभी के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। यह अभियान 17 सितंबर से आरंभ होकर 31 दिसंबर तक चलेगा और लक्ष्य 100 प्रतिशत पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाने का है। आयुष्मान भव: योजना के शुभारंभ को लेकर सामान्य अस्पताल रोहतक में कार्यक्रम आयोजित किया गया, यहां पर वीडियो कॉन्फे्रंसिंग के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संदेश को सुनाया गया।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि आयुष्मान भव: योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों में घर-घर तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचना है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भव एक राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसका लाभ नागरिकों को मिलेगा। अभियान का मकसद यही है कि देश का प्रत्येक नागरिक निरोगी रहे। मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का परिवार है और वे गरीब व अंतिम व्यक्ति की चिंता करते हैं। उन्होंने कहा कि देश में 18 करोड़ परिवारों को आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं। ऐसी स्वास्थ्य सुविधाएं भारत को छोडक़र किसी अन्य देश में नहीं है। इसी प्रकार से देश के 81 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है।
