May 20, 2026

अप्रैल में रिश्वतखोरी के 10 मामलों में 12 सरकारी अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार

चंडीगढ़, पंजाब की सतर्कता ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत अप्रैल के दौरान 10 अलग-अलग मामलों में 12 सरकारी अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह जानकारी मंगलवार को पंजाब सतर्कता ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने दी। उन्होंने बताया कि ब्यूरो सार्वजनिक सेवकों और अन्य क्षेत्रों में भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है।

प्रवक्ता के अनुसार पिछले महीने विजिलेंस से जुड़े 59 मामलों के आरोपपत्र विभिन्न सक्षम अदालतों में पेश किये गये। इसके अलावा भ्रष्टाचार के मामलों की गहन जांच के लिए चार सतर्कता जांचें भी दर्ज की गईं। उन्होंने बताया कि इस दौरान 21 आरोपियों के खिलाफ 13 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जिनमें 17 सरकारी कर्मचारी शामिल हैं।

सतर्कता ब्यूरो के मुताबिक पिछले महीने अदालतों ने ब्यूरो द्वारा दर्ज और पैरवी किए गए रिश्वतखोरी के चार मामलों में फैसला सुनाया। इन मामलों में कुल 20 लोगों को दोषी ठहराते हुए दो वर्ष से पांच वर्ष तक की सजा और 10 हजार रुपये से लेकर दो लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया गया। सतर्कता ब्यूरो ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *