July 24, 2026

ताइवान का चीन में विलय तय: शी जिनपिंग की दोटूक चेतावनी

बोले- हर हाल में पूरा होगा ऐतिहासिक मिशन

बीजिंग, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ताइवान को लेकर एक बार फिर अपना सख्त रुख दोहराते हुए कहा है कि ताइवान का चीन में विलय चीन की कम्युनिस्ट पार्टी का ऐतिहासिक मिशन है और इसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। पार्टी के 105वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि यह कम्युनिस्ट पार्टी की अटल प्रतिबद्धता है, जिससे पीछे हटने का कोई सवाल ही नहीं उठता।

शी जिनपिंग ने अपने संबोधन में ताइवान की स्वतंत्रता की वकालत करने वाले अलगाववादी समूहों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि चीन ऐसे सभी प्रयासों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ताइवान मामले में किसी भी तरह के बाहरी हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नई परिस्थितियों के अनुरूप पार्टी की रणनीति को पूरी तरह लागू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि चीन अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता, सुरक्षा और विकास हितों की हर कीमत पर रक्षा करेगा। साथ ही दोहराया कि राष्ट्रीय एकीकरण के लक्ष्य को हर हाल में आगे बढ़ाया जाएगा और इस दिशा में प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

अपने भाषण में शी जिनपिंग ने सैन्य शक्ति को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक शक्तिशाली देश के लिए मजबूत सेना अनिवार्य है और केवल सक्षम सैन्य बल ही राष्ट्रीय सुरक्षा की गारंटी दे सकता है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब ताइवान स्ट्रेट में चीन की सैन्य गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और क्षेत्रीय तनाव बना हुआ है।

राष्ट्रपति जिनपिंग ने स्वीकार किया कि चीन इस समय अवसरों के साथ-साथ कई जोखिमों और चुनौतियों का भी सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे विरोधी कितना भी शक्तिशाली हो, रास्ता कितना भी कठिन क्यों न हो या चुनौतियां कितनी भी बड़ी हों, चीन पीछे हटने वाला नहीं है।

अपने संबोधन के अंत में शी जिनपिंग ने पार्टी नेताओं से संकट की भावना बनाए रखने, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा उच्च गुणवत्ता वाले विकास को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी के भीतर भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पार्टी की शुद्धता और मजबूती को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी तत्व को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *