May 26, 2026

भारत दौरा संपन्न कर अमेरिका के विदेश मंत्री रूबियो आर्मेनिया रवाना

नई दिल्ली । चार दिवसीय भारत दौरा संपन्न कर अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो आर्मेनिया के लिए रवाना हो गए। मंगलवार को क्वाड बैठक में हिस्सा लेने के बाद उन्होंने आर्मेनिया का रुख किया। उनकी यात्रा से पहले राजधानी येरेवन में मौजूद अमेरिकी दूतावास ने बयान जारी कर बताया कि रूबियो 26 मई को कूटनीति और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा के लिए अलग-अलग बैठकें करेंगे। दौरे के दौरान रूबियो की मुलाकात अपने आर्मेनियाई समकक्ष अरारात मीरजोयान से होगी। दोनों नेताओं के बीच बातचीत के बाद संयुक्त प्रेस बयान जारी किए जाने की भी उम्मीद है। दूतावास के अनुसार, कार्यक्रम में दोनों देशों के बीच कुछ द्विपक्षीय दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी शामिल हैं।
भारत की उनकी यात्रा 23 मई को कोलकाता से शुरू हुई थी। इसके बाद वो नई दिल्ली पहुंचे, यहां पर एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक की, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अहम मुलाकात की, फिर पत्नी जेनेट डी. रूबियो के साथ ताजमहल का दीदार करने आगरा पहुंचे।
रूबियो दंपति जयपुर भी गया, जहां पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया गया। आमेर के किले को भी वो देखने गए। मंगलवार सुबह ही दिल्ली क्वाड बैठक में भाग लेने के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे थे। उन्होंने इस बैठक को बहुउपयोगी और सफल बताया।
बैठक में रूबियो ने कहा कि क्वाड अब सिर्फ समस्याओं पर चर्चा करने वाला मंच नहीं रह गया है, बल्कि यह साझेदारी अब ठोस कार्रवाई की दिशा की ओर अग्रसर है। उन्होंने मेजबानी के लिए भारत और विदेश मंत्री एस. जयशंकर का धन्यवाद किया। साथ ही कहा कि भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया अब अपनी-अपनी क्षमताओं का इस्तेमाल करते हुए कई अहम वैश्विक मुद्दों पर मिलकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों में मैं सिर्फ मंत्री जयशंकर और भारतीय सरकार का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने हमारी मेजबानी की। सिर्फ इस द्विपक्षीय यात्रा के लिए ही नहीं, बल्कि इस महत्वपूर्ण बैठक के लिए भी। मैं तोशी और पेनी का भी धन्यवाद करना चाहता हूं कि वे यहां आए और इसमें शामिल हुए। यह एक महत्वपूर्ण समय पर हो रहा है। जब मैं विदेश मंत्री बना, तो मेरी पहली आधिकारिक बैठक क्वाड के साथ ही थी और इससे हमारी प्रतिबद्धता साफ दिखती है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *