भारत निर्माण युवा दल के कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल
व्यक्ति का जीवन खुद के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र के लिए समर्पित होना चाहिए : मनोहर लाल
त्रिवेणी का पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
नारनौल, केंद्रीय विद्युत, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने महेंद्रगढ़ जिले के गांव भड़फ में भारत निर्माण युवा दल हरियाणा की ओर से चलाए जा रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय चरित्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण शिविर में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने युवाओं से सीधे संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया।
उन्होंने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि अभिमन्यु सिंह यादव के नेतृत्व में युवा पीढ़ी के नैतिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय निर्माण के लिए किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय है।
छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उनके पिताजी ने उन्हें बचपन से ही सिखाया था कि जीवन में जो भी कार्य करें, वह बड़ा, उद्देश्यपूर्ण और समाजहित में होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति का जीवन केवल स्वयं के लिए नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी समर्पित होना चाहिए। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज एवं भगवान गौतम बुद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि आज उनका स्मरण उनके महान कार्यों, आदर्शों और समाज के प्रति योगदान के कारण किया जाता है। इसलिए प्रत्येक युवा को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसके लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर कर्मपथ पर चलने वाला व्यक्ति सदैव रचनात्मक कार्यों में व्यस्त रहता है, जबकि खालीपन व्यक्ति को कुरीतियों, नकारात्मकता और विनाश की ओर ले जाता है।
युवाओं में नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र को कमजोर करने का माध्यम बन सकता है।
उन्होंने भारत निर्माण युवा दल के नशा मुक्ति अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस अभियान ने प्रदेश में सकारात्मक चेतना और जागरूकता का वातावरण तैयार किया है तथा युवाओं को नई दिशा प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी चीज़ का नशा करना है तो राष्ट्रभक्ति, सेवा और उत्कृष्टता का नशा करें, क्योंकि यही नशा व्यक्ति और राष्ट्र दोनों को आगे बढ़ाता है।
आधुनिक तकनीक के प्रभाव पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और टेलीविजन का अत्यधिक उपयोग बच्चों और युवाओं के मानसिक विकास को प्रभावित कर सकता है।
