विशेष प्रचार अभियान के तहत स्योह और लंगेहड़ में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नशा निवारण के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक
धर्मपुर,। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से संचालित विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत मंगलवार को सरस्वती म्यूजिकल ग्रुप, बरोटी के कलाकारों ने उपमंडल धर्मपुर की ग्राम पंचायत स्योह के गांव स्योह तथा ग्राम पंचायत लंगेहड़ के गांव लंगेहड़ में गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा नशा निवारण के प्रति जागरूक किया।
कलाकारों ने प्रदेश सरकार की स्वर्ण जयंती आश्रय योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र परिवारों को नए मकान के निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
उन्होंने अनुसूचित जाति एवं जनजाति की एकल नारी, विधवा, पुनर्विवाह एवं विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों के लिए संचालित कंप्यूटर उपयोग एवं व्यावसायिक गतिविधियों में प्रशिक्षण एवं दक्षता योजना, अंतर्जातीय विवाह पुरस्कार योजना, अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार पीड़ित राहत योजना, हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं तथा राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना (ई-टैक्सी) के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान कलाकारों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर युवाओं एवं ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत लंगेहड़ की प्रधान सुजाता, वार्ड सदस्य तब्बू देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
विशेष प्रचार अभियान में सरस्वती म्यूजिकल ग्रुप, बरोटी के कलाकार संजय भारद्वाज, विजय कुमार, रविन्द्र सिंह, सागर पाठक, महेश कुमार, ज्योति, के. आर. सहगल, रीना कुमारी, निशा देवी, वीना देवी तथा संजना ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को सफल बनाया।
