विशेष प्रचार अभियान के तहत भूवाणी और समसोह में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नशा निवारण के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक
सरकाघाट, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से संचालित विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत शनिवार को सर्वोदय हिम जागरण कला मंच द्वारा उपमंडल धर्मपुर की ग्राम पंचायत दारपा के गांव भूवाणी तथा उपमंडल सरकाघाट की ग्राम पंचायत समसोह के गांव समसोह में गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं तथा नशा निवारण विषय पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान कलाकारों ने ग्रामीणों को स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के पात्र परिवारों के लिए नए मकान निर्माण हेतु डेढ़ लाख की वित्तीय सहायता, एकल नारी, विधवा एवं विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों के लिए कंप्यूटर उपयोग एवं व्यावसायिक दक्षता प्रशिक्षण योजना, अंतर्जातीय विवाह पुरस्कार योजना, अत्याचार से पीड़ित अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के व्यक्तियों को प्रदान की जाने वाली राहत, हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं तथा राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना (ई-टैक्सी) सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने गीतों एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए युवाओं एवं ग्रामीणों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। साथ ही उपस्थित लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दारपा की प्रधान मंजू देवी, उपप्रधान राजेश शर्मा तथा वार्ड सदस्य सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। वहीं ग्राम पंचायत समसोह की प्रधान विद्या देवी, उपप्रधान प्रदीप कुमार, वार्ड सदस्य राजेश कुमार, भारती शर्मा, रेखा कुमारी, ललिता देवी एवं निका राम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। उपस्थित ग्रामीणों ने विभाग द्वारा संचालित इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे जनहित में अत्यंत उपयोगी बताया।
इस अवसर पर सर्वोदय हिम जागरण कला मंच, त्रयाबला के कलाकार राजेश निराला, लता देवी, सिम्पल, लकी कुमार, ज्योति पठानिया, के. आर. सहगल, निशा देवी एवं वीना देवी ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया तथा नशा मुक्ति का संदेश दिया।
