महाराष्ट्र में हनुमान मंदिर का निर्माणाधीन मंडप गिरा, 5 लोगों की मौत; 40 मलबे में दबे
परभणी, महाराष्ट्र के परभणी जिले के मानवत तहसील में स्थित प्रसिद्ध यशवाड़ी मारुति मंदिर परिसर में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के सामने बना निर्माणाधीन सभा मंडप अचानक भरभराकर श्रद्धालुओं के ऊपर गिर पड़ा। इस भयानक दुर्घटना में अब तक 5 लोगों की मौत की शुरुआती जानकारी सामने आई है, जबकि मलबे के नीचे 30 से 40 लोगों के फंसे होने की आशंका ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है।
शनिवार का दिन होने के कारण यशवाड़ी मारुति (हनुमान) मंदिर में भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी थी। मंदिर परिसर में कीर्तन सहित कई अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन चल रहा था, जिसके लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस निर्माणाधीन सभा मंडप के नीचे बैठे हुए थे। कार्यक्रम सुचारू रूप से चल रहा था कि तभी अचानक मंडप की छत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। पलक झपकते ही वहां चीख-पुकार मच गई और मौके पर मौजूद नागरिकों ने तुरंत अपने स्तर पर मलबा हटाकर लोगों को बचाने का काम शुरू कर दिया।
इस भीषण दुर्घटना में कई श्रद्धालुओं के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए आर.पी. अस्पताल और आसपास के अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक घायलों की सटीक संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटनास्थल के जो भयानक वीडियो और तस्वीरें सामने आ रही हैं, उन्हें देखते हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ने की गंभीर आशंका जताई जा रही है।
हादसे की भनक लगते ही जिला प्रशासन, भारी पुलिस बल और राहत-बचाव दल की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। प्रशासन ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है और मलबे में दबे लोगों की जान बचाने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मलबे को हटाने के लिए भारी मशीनों का भी इस्तेमाल हो रहा है और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस की विशेष व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और पल-पल का अपडेट लिया जा रहा है।
