April 15, 2026

दर्दनाक हादसा : बैसाखी मेले से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 6 की मौत-21 घायल

फतेहगढ़ साहिब, फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी एक बस पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे, जो आनंदपुर साहिब में आयोजित बैसाखी मेले से लौट रहे थे। देर रात गांव हिम्मतपुरा के पास बस में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई और पलट गई।

बस में सवार लोगों के अनुसार, हादसे के बाद बस में करंट भी फैल गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। 12 घायलों को मोरिंडा और 9 को फतेहगढ़ साहिब के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को चंडीगढ़ स्थित पीजीआई अस्पताल रेफर किया गया है। बस में सवार सभी श्रद्धालु बस्सी पठाना के पास स्थित गांव मैण माजरी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय वे भोजन के बाद बाहर निकले थे। दुर्घटना देखकर उन्होंने अन्य लोगों को बुलाया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस मौके पर देर से पहुंची।

एसएसपी डॉ. शुभम अग्रवाल के अनुसार, दुर्घटना देर रात हुई। जिस स्थान पर श्रद्धालुओं को उतरना था, वह घटना स्थल से मात्र 1.5 किलोमीटर दूर था। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि सभी घायलों का इलाज जारी है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *