April 23, 2026

पंजाब में कल शाम को होगा ब्लैकआउट

मोमबत्ती और टार्च जलाने पर भी रहेगी रोक

चंडीगढ़, पंजाब समेत देश के कई हिस्सों में एक बार फिर से ब्लैकआउट होगा। इससे पहले आपरेशन सिंदूर के समय ब्लैकआउट हुआ था। पंजाब में आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 24 अप्रैल को राज्यभर में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक पंजाब में यह अभ्यास केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों पर किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सिविल डिफेंस सिस्टम को मजबूत करना और किसी भी संभावित संकट के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।

इस मॉक ड्रिल के तहत रात 8 बजे से 8:15 बजे तक 15 मिनट का ब्लैकआउट रखा जाएगा। इस दौरान सभी जिलों में चिन्हित क्षेत्रों में बिजली बंद रहेगी और लोगों से गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने की अपील की गई है। खास बात यह है कि ब्लैकआउट के दौरान जनरेटर और टॉर्च के उपयोग पर भी रोक रहेगी, ताकि वास्तविक परिस्थितियों जैसा माहौल तैयार किया जा सके।

ड्रिल की शुरुआत एयर रेड चेतावनी सिग्नल से होगी, जिसमें लगभग 2 मिनट तक हाई-लो पिच के सायरन बजाए जाएंगे। इसके बाद संबंधित जिलों के डिप्टी कमिश्नर द्वारा तय इलाकों में सिम्युलेटेड ब्लैकआउट लागू किया जाएगा। अभ्यास के अंत में ऑल क्लियर सिग्नल दिया जाएगा, जिसके तहत लगातार 2 मिनट तक हाई पिच सायरन बजेगा, जो खतरा टलने का संकेत होगा।

इस दौरान फायर ब्रिगेड, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य एजेंसियां मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन, सर्च एंड रेस्क्यू, फर्स्ट एड, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने और ट्रैफिक व भीड़ नियंत्रण जैसी गतिविधियों की रिहर्सल करेंगी। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी आपात स्थिति में सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ काम कर सकें।

राज्य सरकार ने लोगों से अपील की है कि इस दौरान घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह केवल एक अभ्यास है। प्रशासन द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए अनाउंसमेंट भी कराए जाएंगे। गौरतलब है कि इससे पहले मई 2025 में भी इसी तरह की मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी, जिससे आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और मजबूत किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *