May 31, 2026

आसमान में आज दिखेगा सदी का सबसे अनोखा नजारा

एक साथ होने जा रही दो दुर्लभ खगोलीय घटनाएं

नई दिल्ली, आज रात अगर आप आसमान की तरफ देखेंगे, तो आपको एक बेहद ही दुर्लभ और जादुई खगोलीय नजारा देखने को मिलेगा। आज यानी 31 मई की रात को आसमान में न केवल ब्लू मून चमकेगा, बल्कि यह एक माइक्रोमून भी होगा। विज्ञान और ज्योतिष दोनों ही नजरिए से एक ही समय पर इन दोनों घटनाओं का होना अत्यंत दुर्लभ माना जाता है। आज दिखने वाला चांद आम पूर्णिमा के मुकाबले थोड़ा अलग, आकार में छोटा और थोड़ी फीकी चांदनी बिखेरता हुआ नजर आएगा, जो हर किसी को हैरान करने वाला है।

खगोल वैज्ञानिकों के मुताबिक, भारतीय समयानुसार आज दोपहर 2 बजकर 15 मिनट पर यह अद्भुत चांद अपने चरम पर पहुंच चुका है। हालांकि, दिन का उजाला होने के कारण देशवासी इसे नहीं देख पाएंगे। इस खगोलीय घटना का असली और खूबसूरत नजारा आज 31 मई की रात को देखने को मिलेगा। हिंदू पंचांग के अनुसार, आज शाम को 07 बजकर 36 मिनट पर चंद्रोदय होगा। सूर्यास्त के बाद जैसे ही चांद आसमान में ऊपर चढ़ेगा, इसकी खूबसूरती देखते ही बनेगी।

ब्लू मून नाम सुनकर अक्सर लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि क्या आज चांद नीले रंग का दिखाई देगा? तो आपको बता दें कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। चांद अपने पारंपरिक रंग में ही रहेगा। दरअसल, जब एक ही अंग्रेजी कैलेंडर महीने में दो बार पूर्णिमा आती है, तो दूसरी पूर्णिमा के चांद को तकनीकी भाषा में ‘ब्लू मून’ कहा जाता है। मई के महीने में यह दूसरी पूर्णिमा है, इसलिए इसे यह नाम दिया गया है।

आमतौर पर पूर्णिमा का चांद अपने सबसे बड़े और चमकीले आकार में होता है, जिसे सुपरमून भी कहा जाता है, लेकिन माइक्रोमून इसका बिल्कुल उल्टा है। चंद्रमा पृथ्वी की परिक्रमा एकदम गोल घेरे में नहीं, बल्कि एक अंडाकार रास्ते पर करता है। इस चक्कर के दौरान एक समय ऐसा आता है जब चांद पृथ्वी से सबसे अधिकतम दूरी पर चला जाता है, विज्ञान में इस स्थिति को अपोजी कहा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *