May 29, 2026

जिले को मिली स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने सशक्त परिवार क्लीनिक, तीन हेल्थ सब सेंटर के शुभारंभ सहित अमृत फार्मेसी व मिल्क पार्लर का भी किया शिलान्यास
…………………………………………………………………………..
हरियाणा सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर, सुलभ एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में निरंतर ऐतिहासिक कदम उठा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर में विभिन्न नई स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा, विधायक रणधीर पनिहार, पूर्व विधायक अनूप धानक आदि उपस्थित रहे। जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने सशक्त परिवार क्लीनिक, तीन हेल्थ सब सेंटर के शुभारंभ सहित अमृत फार्मेसी व मिल्क पार्लर का शिलान्यास किया। हेल्थ सब सेंटर असरावां, मोडाखेड़ा एवं जाखोद खेड़ा में आरंभ किए गए हैं। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ अब ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल परिसर में स्थापित की जा रही अमृत फार्मेसी में मरीजों को उच्च गुणवत्ता की जेनेरिक एवं ब्रांडेड दवाइयां, इम्प्लांट्स एवं आवश्यक उपकरण रियायती दरों पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। वहीं मिल्क पार्लर के माध्यम से मरीजों एवं उनके परिजनों को 24 घंटे पौष्टिक खान-पान की सुविधा मिलेगी। दोनों सेवाएं सप्ताह के सातों दिन निरंतर संचालित रहेंगी।
विधायक रणधीर पनिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को जनहित के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिससे हर वर्ग के लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार की यह जनकल्याणकारी पहल न केवल लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा के संकल्प को साकार करने की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *