July 10, 2026

न्यूजीलैंड में भारतीयों का भारत से जुड़ाव आज भी अटूट: नरेंद्र मोदी

प्यार और अपनापन देख भावुक हुए प्रधानमंत्री

ऑकलैंड, तीन देशों के दौरे के आखिरी चरण में न्यूजीलैंड पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां रह रहे भारतीयों के प्यार, अपनापन और भारत से उनके अटूट जुड़ाव की दिल से सराहना की। यह 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड की पहली आधिकारिक यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पोस्‍ट किया- न्यूजीलैंड में रहने वाले भारतीय समुदाय का प्यार और अपनापन मेरे दिल को छू गया। उन्होंने एक भारतीय प्रधानमंत्री के दौरे का चार दशक तक इंतजार किया है, और आज उनका उत्साह और गर्मजोशी साफ दिखाई दी। भारत के साथ उनका रिश्ता आज भी उतना ही मजबूत और अटूट है। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का गले लगाकर स्वागत किया। इस दौरान न्यूजीलैंड में भारत की उच्चायुक्त मुआनपुई सैयावी समेत न्यूजीलैंड के कई अधिकारी मौजूद रहे।
पीएम लक्सन ने एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत का वीडियो साझा कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूजीलैंड में आपका स्वागत है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का आभार जताया।
न्यूजीलैंड पहुंचने पर, प्रधानमंत्री मोदी ने ऑकलैंड की अपनी यात्रा को ऐतिहासिक बताया और कहा कि वह लक्सन के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा- थोड़ी देर पहले ऑकलैंड पहुंचा। एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का शुक्रिया। यह दौरा ऐतिहासिक है, चार दशकों में न्यूजीलैंड का यह पहला प्रधानमंत्री दौरा है। मैं प्रधानमंत्री लक्सन के साथ बातचीत करने और भारत-न्यूजीलैंड दोस्ती पर समग्र चर्चा करने का इंतजार कर रहा हूं। मैं शनिवार को ऑकलैंड में एक कम्युनिटी प्रोग्राम को भी संबोधित करूंगा।
प्रधानमंत्री मोदी के न्यूजीलैंड दौरे पर ऑकलैंड में उनका खास अंदाज में स्वागत किया गया। इस मौके पर शहर के मशहूर स्काई टावर को विशेष रोशनी से सजाया गया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्‍स पर लिखा- ऑकलैंड में प्रधानमंत्री का खास स्वागत क‍िया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *