सुक्खू ने तकनीकी शिक्षा विभाग के ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल का शुभारंभ किया
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने तकनीकी शिक्षा विभाग के ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह अपनी तरह का पहला डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो छात्रों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों और रोजगारदाताओं को एकीकृत प्रणाली के माध्यम से जोड़कर हिमाचल प्रदेश में प्लेसमेंट एवं भर्ती प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाएगा।
पोर्टल की प्रमुख विशेषताएं-
- छात्र अपनी प्रोफाइल, कौशल विवरण, प्रशिक्षण एवं प्रमाणपत्रों की जानकारी अपलोड कर सकेंगे।
- रोजगार अवसरों की जानकारी प्राप्त करने, ऑनलाइन आवेदन करने और प्लेसमेंट की स्थिति की निगरानी करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
- तकनीकी शिक्षण संस्थान छात्रों के डेटा प्रबंधन, प्रोफाइल अनुमोदन और प्लेसमेंट परिणामों की निगरानी कर सकेंगे।
- संस्थानों और संभावित नियोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
पोर्टल की उपलब्धियां-
- अब तक 164 संस्थान पंजीकृत हो चुके हैं, जिनमें 136 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, 18 पॉलिटेक्निक संस्थान, 5 इंजीनियरिंग कॉलेज और 5 फार्मेसी कॉलेज शामिल हैं।
- हिम एक्सेस इंटीग्रेशन पोर्टल के माध्यम से 26,168 छात्रों का पंजीकरण किया जा चुका है।
- इनमें से 23,054 छात्रों की कौशल मैपिंग पूरी हो चुकी है।
- अब तक 97 नियोक्ता भी पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं।
इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
