यूथ हॉस्टल भिवानी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 126वीं जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया
मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) की ओर से यूथ हॉस्टल भिवानी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 126वीं जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता ठाकुर विक्रम सिंह ने की। इस अवसर पर प्रो. चंद्रभान, शिक्षाविद नवीन कुमार, पूर्व मंत्री रामविलास शर्मा के मीडिया सलाहकार रितिक वधवा, राज्य पुरस्कार विजेता समाजसेवी दीपा तंवर, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज, सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण गोलागढ़ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सांसद धर्मवीर सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका स्पष्ट संदेश था कि “देश में दो झंडे और दो संविधान नहीं चलेंगे।” उन्होंने कहा कि मुखर्जी ने यह भी कहा था कि बंगाल को विभाजित नहीं होने देंगे और राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोपरि रखा।
