April 26, 2026

किन्नौर में व्यापक स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित

रिकांग पीओ, सचिव विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साड़ा) एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रिकांग पीओ, अमित कल्थाइक के नेतृत्व में आज साड़ा क्षेत्र, रिकांग पीओ के टैक्सी स्टैंड, मुख्य बाजार तथा विभिन्न सरकारी कार्यालय परिसरों में व्यापक स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अभियान में 12 विभिन्न सरकारी विभागों ने सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की।

अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने-अपने कार्यालय परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में फैले कचरे को एकत्रित किया। सफाई के दौरान प्लास्टिक एवं सूखा कचरा अलग-अलग श्रेणियों में एकत्र किया गया, ताकि उसके वैज्ञानिक निस्तारण एवं पुनः उपयोग को सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान लगभग 470 किलोग्राम कचरा एकत्रित कर कूड़ा संयंत्र, पोवारी भेजा गया।

उपमंडलाधिकारी अमित कल्थाइक ने स्वयं अभियान की निगरानी करते हुए विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया तथा उपस्थित कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि यह निरंतर अपनाई जाने वाली जीवनशैली है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अपने कार्यालय परिसरों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करें तथा कचरा पृथक्करण की प्रक्रिया को अनिवार्य रूप से अपनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *