July 29, 2026

ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा की तैयारियों का जायजा

3 अगस्त को आयोजित होने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त अखिल पिलानी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन ने हरियाणा-राजस्थान सीमा क्षेत्र तथा झिरकेश्वर (शिव) मंदिर, फिरोजपुर झिरका का दौरा कर तैयारियों का निरीक्षण किया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, बैरिकेडिंग, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, शौचालय एवं यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।

पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने झिरकेश्वर (शिव) मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *