May 31, 2026

सीबीएसई रिजल्ट विवाद पर छात्रों के साथ राहुल गांधी ने की चर्चा

केंद्र सरकार पर साधा निशाना

नई दिल्ली, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सीबीएसई के छात्रों से मुलाकात की और हाल ही में रिजल्ट को लेकर चल रहे विवाद पर बातचीत की। छात्रों ने राहुल गांधी से अपनी समस्याओं को लेकर बात की और बताया कि जब उन्होंने सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाया तो किस तरह उन्हें ट्रोल किया गया। उन्हें देशद्रोही और देश का दुश्मन तक बताया गया। छात्रों के साथ बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा- मेरे साथी ‘राष्ट्र-विरोधी सोरोस एजेंटों’ के साथ एक खुलासा करने वाली बातचीत। वेदांत और उनके दोस्त प्रतिभाशाली, बहादुर युवा भारतीय हैं, जिन्होंने सीबीएसई और मोदी सरकार से सरल प्रश्न पूछे लेकिन जवाब के बजाय उन्हें अपमान मिला। वे एक उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य के हकदार हैं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें यह मिले।
वीडियो में छात्र बताते हैं- लोगों ने मुझे देशद्रोही, पाकिस्तानी और डीप स्टेट एजेंट तक कह दिया।” एक छात्र ने बताया- जब मैंने अपनी फिजिक्स की उत्तर पुस्तिका देखी, तो मुझे लगा कि मेरा पेपर अच्छा हुआ था लेकिन नंबर अच्छे नहीं मिले। मैंने अपनी उत्तर पुस्तिका मांगी लेकिन मुझे पता चला कि यह मेरी कॉपी ही नहीं है।
छात्र ने बताया कि इसके बाद उसने इस मुद्दे को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उठाया। उसे लोगों का समर्थन मिला लेकिन जब बड़ी संख्या में लोगों ने उसका समर्थन किया, तो कुछ लोगों को लगा कि वे डीप स्टेट एजेंट हैं और भारत में अस्थिरता पैदा करना चाहते हैं। वे उन्हें सोरोस का एजेंट कहने लगे।
इस पर राहुल गांधी ने कहा- बीच में सोरोस आ गया, पाकिस्तान भी आ गया, हर कोई आ गया। यह तो पागलपन है। तुम लोगों ने कुछ किया भी नहीं। तुम छात्र हो और सिर्फ अपनी उत्तर पुस्तिका मांग रहे हो, फिर भी तुम्हें देशद्रोही कहा जा रहा है। समस्या को समझने और उसे दूर करने के बजाय छात्रों को देशद्रोही बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *