पंजाब सरकार ने राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की सिक्योरिटी वापस ली
भाजपा के साथ होने का दावा
जालंधर, पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (आप) से राज्यसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह की सुरक्षा पंजाब सरकार ने वापस ले ली है। हालांकि हरभजन सिंह ने आधिकारिक रूप से पार्टी छोड़ने की घोषणा नहीं की है, लेकिन राघव चड्ढा ने उनके अपने साथ होने का दावा किया था।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी हाईकमान लगातार हरभजन सिंह से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी। इसके बाद रविवार को पंजाब पुलिस द्वारा दी गई उनकी सुरक्षा हटा ली गई।
बता दें कि पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले 7 सांसदों ने आम आदमी पार्टी को छोड़ दिया। राघव चड्ढा, संदीप पाठक व अशोक मित्तल के साथ भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने दावा किया किया हमारे साथ 7 सांसद हैं। 24 अप्रैल 2026 को आप के तीन राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल हो गए थे, जबकि तीन अन्य के भी पार्टी बदलने की अटकलें लगाई गई थीं। इन नामों में जालंधर के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह का भी जिक्र था, जो मार्च 2022 में आप के टिकट पर राज्यसभा पहुंचे थे।
हरभजन सिंह को पंजाब सरकार की ओर से जेड+ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी। हाल ही में उनके भाजपा में शामिल होने की खबरों के बाद उनके जालंधर स्थित आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन भी हुआ था।
वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इस घटनाक्रम से नाराज बताए जा रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है। सूत्रों के मुताबिक, वे आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसदों को रिकॉल करने के मुद्दे पर अपना पक्ष रखने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए वे पार्टी विधायकों के साथ राष्ट्रपति से मुलाकात कर सकते हैं।
