July 7, 2026

प्रधानमंत्री 17 जुलाई को करेंगे कोरियावास मेडिकल कॉलेज का वर्चुअल उद्घाटन

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की तैयारियों की समीक्षा

डीसी अनुपमा अंजली ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा

नारनौल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह से वर्चुअल माध्यम से जिला महेंद्रगढ़ के नारनौल शहर के नजदीक स्थित नवनिर्मित महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज तथा राव तुलाराम अस्पताल, कोरियावास का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इसी सिलसिले में आज प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने उपायुक्त अनुपमा अंजली के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय तरीके से सुनिश्चित किया जाए। दक्षिण हरियाणा के इस महत्वाकांक्षी और बहुप्रतीक्षित स्वास्थ्य प्रोजेक्ट के लोकार्पण को लेकर अभी से प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दें।
मुख्य सचिव के साथ हुई इस बैठक के बाद उपायुक्त अनुपमा अंजली तथा पुलिस अधीक्षक दीपक ने कोरियावास स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर का दौरा किया और वहां चल रही सभी तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने आयोजन स्थल पर सुरक्षा, लोगों के बैठने की व्यवस्था और तकनीकी प्रबंधों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि जींद में होने वाले मुख्य समारोह से जुड़ने के लिए कोरियावास में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यहां एक विशाल एलईडी स्क्रीन स्थापित की जाएगी। इस स्क्रीन के माध्यम से जिलावासी और गणमान्य नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने वाले इस वर्चुअल उद्घाटन के ऐतिहासिक क्षणों के गवाह बनेंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित आमजन को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन को भी लाइव सुनने का अवसर मिलेगा। मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ बिजेंद्र सिंह ने मेडिकल कालेज में दी जा रही सुविधाओं के बारे में बताया।
इस मौके पर एसडीएम अनिरुद्ध यादव, आरटीए मनोज कुमार तथा सीटीएम डॉ मंगल सेन के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *