सेशेल्स में प्रधानमंत्री मोदी ने कई अहम एमओयू पर किए हस्ताक्षर
यूपीआई लागू करने पर बनी सहमति
विक्टोरिया, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच कई एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। भारत और सेशेल्स ने कृषि, एक्जिम बैंक, बाहरी अंतरिक्ष में खोज और नए सेशेल्स नेशनल हॉस्पिटल पर चर्चा के लिए ज्ञापन समझौता (एमओयू) एक्सचेंज किया। पीएम मोदी ने कहा- डॉ. पैट्रिक हर्मिनी, दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल और मीडिया के साथियों का धन्यवाद। हमारे इस महत्वपूर्ण स्वागत और आतिथ्य सत्कार के लिए मैं राष्ट्रपति हार्मिनी का हार्दिक अभिनंदन करता हूं। उनके द्वारा गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन से सम्मानित किया जाना मेरे लिए और 140 करोड़ भारतवासियों के लिए हर्ष का विषय है। मैं इस सम्मान को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हुए उन सभी देशों को समर्पित करता हूं, जो क्लाइमेट चेंज की चुनौती से लड़ रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण को भावी पीढ़ियों के प्रति अपना दायित्व मानते हैं। गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन सेशेल्स गणराज्य द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया गया एक सर्वोच्च नागरिक और पर्यावरण सम्मान है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरी यात्रा ऐसे ऐतिहासिक अवसर पर हो रही है, जब सेशेल्स अपनी आजादी के 150 वर्ष पूरे कर रहा है। हम भारत-सेशेल्स राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इन 50 वर्षों की यात्रा में हमने मित्रता को विश्वास में, विश्वास को सहयोग में और सहयोग को जनकल्याण में बदला है।
उन्होंने कहा कि हिंद महासागर ने सदियों से भारत और सेशेल्स के संबंधों को सींचा है। इसकी लहरों ने हमारे बीच व्यापार, संस्कृति और मानवीय संबंधों को निरंतर पोषित किया है। हम विश्वास करते हैं कि हिंद महासागर हमारा साझा घर है और इसकी सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि हमारी साझा जिम्मेदारी है। यही भावना हमारे महासागर विजन का आधार है। इस साल फरवरी में राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी की भारत यात्रा के दौरान जारी किए गए संयुक्त विजन से हमारी भावी साझेदारी का ब्लूप्रिंट तैयार हुआ है। इस पर आगे बढ़ते हुए हर क्षेत्र में हमारा सहयोग मजबूत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आज हमने हमारे आर्थिक सहयोग को और अधिक लचीला बनाने पर चर्चा की। हम दोनों देशों के उद्योगों के नए अवसरों की तलाश जारी रखेंगे। भारत और सेशेल्स के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी काम किया जाएगा। इससे हमारा व्यापार तो बढ़ेगा ही, इसके साथ-साथ पूर्वी अफ्रीकी और हिंद महासागर क्षेत्र के साथ संबंधों को भी बल मिलेगा। हमारा विश्वास है कि डिजिटल तकनीक दोनों देशों की दूरी को कम करने का प्रभावी माध्यम है। हम डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर में भारत के सफल अनुभवों को सेशेल्स के साथ साझा करेंगे।
