June 20, 2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर तैयारियां पूरी, 21 जून को पुलिस लाइन में होगा जिला स्तरीय समारोह – उपायुक्त अखिल पिलानी

  • उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह करेंगे मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत

नूंह, उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिला स्तरीय योग समारोह का आयोजन पुलिस लाइन नूंह के परेड ग्राउंड में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
उपायुक्त ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह के साथ-साथ उपमंडल स्तर पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। फिरोजपुर झिरका में आयोजित कार्यक्रम में जिला परिषद के अध्यक्ष जान मोहम्मद मुख्य अतिथि होंगे, जबकि तावडू में फरीदाबाद के मेयर प्रवीण जोशी तथा पुन्हाना में विधायक मोहम्मद इलियास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसी प्रकार खंड इंडरी में पूर्व मंत्री संजय सिंह तथा नगीना में पूर्व मंत्री नसीम अहमद, खंड पिनगवां में मोहम्मद एजाज खान मुख्य अतिथि होंगे।
उन्होंने बताया कि सभी स्थानों पर योग कार्यक्रम प्रातः 6 बजे से प्रोटोकॉल के अनुसार आयोजित किए जाएंगे। योग सत्र से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा। कार्यक्रमों में स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थी, युवा, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा आमजन बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
पुलिस लाइन में आयोजित हुई योग पायलट रिहर्सल
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत शनिवार को पुलिस लाइन नूंह के परेड ग्राउंड में योग पायलट रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल में जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र बजाड़, जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशवीर गहलावत, नगर परिषद नूंह के चेयरमैन संजय मनोचा, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र पटेल, लेक्चरर डॉ. संजय कुमार, एईओ अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र बजाड़ ने कहा कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग का विशेष महत्व है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर आयुष विभाग से डॉ मनोज कुमार, डॉ शशांक, योग इंस्ट्रक्टर बबीता, सुमित्रा, योग प्रशिक्षक डॉ राम अवतार, योग सहायक नीरज आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *