राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के बूथ दिवस पर शहजादपुर व अंबली क्षेत्र में 14,424 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
29 व 30 जून को घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा, अभिभावक करें स्वास्थ्य टीमों का सहयोग : डॉ. गुरप्रीत सिंह
शहजादपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शहजादपुर क्षेत्र में रविवार को ‘राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान’ के अंतर्गत बूथ दिवस का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
अभियान के दौरान क्षेत्र के पोलियो बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को पोलियो जैसी गंभीर एवं स्थायी अपंगता से सुरक्षित रखना है।
सीएचसी शहजादपुर के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) डॉ. गुरप्रीत सिंह ने बताया कि बूथ दिवस पर सीएचसी शहजादपुर के अंतर्गत 6,724 तथा सीएचसी अंबली के अंतर्गत 7,700 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इस प्रकार दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के अंतर्गत कुल 14,424 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर अभियान को सफल बनाया गया।
उन्होंने बताया कि सभी पोलियो बूथों पर दवा पिलाने का कार्य पूरी व्यवस्था और सुचारू रूप से संपन्न हुआ। अभियान की सफलता में स्वास्थ्य विभाग की बूथ टीमों, एएनएम, आशा वर्करों, स्वास्थ्य कर्मचारियों, स्वयंसेवकों तथा सुपरवाइजरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भीषण गर्मी जैसी चुनौतियों के बावजूद सभी टीमों ने पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी विशेष रूप से बधाई और धन्यवाद के पात्र हैं।
डॉ. गुरप्रीत सिंह ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि जिन अभिभावकों ने अपने बच्चों को किसी कारणवश बूथ दिवस पर पोलियो की दवा नहीं पिलवाई है, उन्हें 29 एवं 30 जून 2026 को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं तथा घर-घर आने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों का पूरा सहयोग करें। प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहभागिता और सहयोग से ही पोलियो मुक्त समाज के लक्ष्य को पूरी तरह हासिल किया जा सकता है।
