हिमाचल में नगर निकाय चुनावों का हुआ ऐलान, 17 मई को मतदान; आचार संहिता लागू
शिमला, हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को 51 शहरी निकायों के लिए चुनावी कार्यक्रम घोषित कर दिया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि प्रदेश के 51 शहरी निकायों में आगामी 17 मई को मतदान करवाया जाएगा। इस घोषणा के साथ ही संबंधित शहरी क्षेत्रों में तुरंत प्रभाव से आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश के चार प्रमुख नगर निगमों सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर समेत 47 नगर पंचायत और नगर परिषदों में मतदान किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा आज ही औपचारिक नोटिस जारी कर दिए जाएंगे।
इन चुनावों में कुल 3,60,845 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1,80,963, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1,79,882 हैं। वहीं, 1806 मतदान केंद्र में वोटिंग होगी। नगर निगम की मतगणना 31 मई को होगी। राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने कहा कि पंचायत चुनाव की घोषणा एक सप्ताह के बाद होगी।
