June 5, 2026

सभी प्रतिभागियों को कम से कम एक छायादार वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) ऊना में निदेशक सुधीर कुमार शर्मा की अध्यक्षता में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीडीएम नाबार्ड सबरीना राजवंशी तथा एलडीएम ऊना संजीव सक्सेना उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त आरसेटी के प्रशिक्षु, ऊना ब्लॉक के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं संस्थान के कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर आरसेटी निदेशक सुधीर कुमार शर्मा ने पर्यावरण में हो रहे बदलावों और उनके मानव जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्य अतिथि सबरीना राजवंशी ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को कम से कम एक छायादार वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और यदि इनका संरक्षण नहीं किया गया तो भविष्य में मानव जीवन अनेक चुनौतियों का सामना करेगा। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार हो रही वृक्षों की कटाई के कारण वैश्विक तापमान में वृद्धि हो रही है, जिसके गंभीर परिणाम आने वाले वर्षों में देखने को मिल सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान डीडीएम नाबार्ड सबरीना राजवंशी एवं एलडीएम ऊना संजीव सक्सेना द्वारा संस्थान परिसर में छायादार वृक्षों का पौधारोपण भी किया गया। इसके उपरांत आरसेटी के प्रशिक्षुओं, बैंक शाखा प्रबंधकों तथा संस्थान के कर्मचारियों के सहयोग से रामपुर रोड पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “पर्यावरण बचाओ” रैली निकाली गई।

कार्यक्रम में आरसेटी स्टाफ सदस्य आकाश भारद्वाज, श्रीमती रजनी वाला, हीना डोगरा, मीनाक्षी तथा चंचल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *