श्री गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूल में मदर्स डे धूमधाम से मनाया गया
माताओं के खेलों और प्रतियोगिताओं ने समारोह को बनाया यादगार
राज घई, श्री आनंदपुर साहिब, चीफ खालसा दीवान चैरिटेबल सोसायटी के प्रबंधन अधीन चल रहे श्री गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूल में विश्व मदर्स डे बड़े उत्साह और खुशी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल की ओर से विशेष समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्राइमरी विभाग के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की माताओं ने अपने बच्चों के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया। समारोह का मुख्य उद्देश्य माताओं के निस्वार्थ प्रेम, ममता और अमूल्य योगदान को सम्मान देना था।
इस दौरान माताओं के लिए विशेष मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। म्यूजिकल गेम्स, डांस और अन्य रोचक प्रस्तुतियों में माताओं ने बड़े उत्साह से भाग लिया। पूरा स्कूल परिसर तालियों, हंसी और खुशियों से गूंजता रहा। छठी से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर स्कूल की अध्यापिकाओं और बच्चों की माताओं ने नृत्य और गीत प्रस्तुत कर समारोह में खूब रौनक लगाई, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी रंगीन बन गया।
समारोह को संबोधित करते हुए स्कूल मुखी प्रिंसिपल गुरिंदर कौर कपूर ने कहा कि मां बच्चे की पहली गुरु होती है और उसके संस्कार ही बच्चे के अच्छे भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होती, बल्कि बच्चों में नैतिक मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों का विकास करना भी स्कूल का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को माता-पिता के सम्मान, पारिवारिक रिश्तों की महत्ता और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।
समारोह के दौरान मैडम आंसू और मैडम जसप्रीत कौर ने मंच संचालन की भूमिका बखूबी निभाई। इस अवसर पर समस्त स्कूल स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित थे।
