May 24, 2026

एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण अभियान पर बैठक आयोजित

उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा ने आज यहां उपायुक्त कार्यालय परिसर के सम्मेलन कक्ष में जिला एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

उन्होंने बताया कि जनजातीय जिला किन्नौर में 510 पात्र बेटियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था और अब तक 309 बेटियों को एचपीवी वैक्सीन लगा दी गई है तथा 60.5 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त, जिला किन्नौर एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण के मामले में प्रदेशभर में लाहौल स्पीति के बाद दूसरे स्थान पर है।

डॉ अमित कुमार शर्मा ने बताया कि पात्र बेटियों के लिए एचपीवी वैक्सीन के टीकाकरण की अंतिम तिथि 28 मई निर्धारित की गई है और अभी तक टीकाकरण के कारण कोई प्रतिकूल असर नहीं हुआ है।

डॉ शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा, पंचायत जनप्रतिनिधियों व महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया ताकि धरातल पर अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा सुरक्षित प्रमाणित करने पर जागरूक करने का आह्वान किया ताकि धरातल पर स्कूल स्तर से बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर के संदर्भ में जानकारी प्राप्त हो सके।

जिलाधीश किन्नौर ने स्थानीय लोगों से आह्वान किया कि जिन पात्र बालिकाओं ने एचपीवी वैक्सीन नहीं लगाई है वे स्कूल के अध्यापक, आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व स्वास्थ्य कर्मी से संपर्क कर सकते हैं और सुरक्षित भविष्य का सुरक्षा कवच प्राप्त कर सकते हैं।

डा अश्विनी नेगी ने उपस्थित अधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित वैक्सीन अभियान की जानकारी प्रदान की।

बैठक में जिला आयुष अधिकारी डॉ प्रवीण शर्मा, शिक्षा उपनिदेशक उच्चतर कुलदीप डोगरा, शिक्षाविद कुलदीप सिंह नेगी, उपनिदेशक पशुपालन विभाग डॉ अजय नेगी, उप निदेशक उद्यान डॉ शमशेर सिंह भी मेहर ढेहरु सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *