May 31, 2026

अमृतसर में 35 फीसदी तक गिरे शराब के रेट, बीयर भी हुई सस्ती

अमृतसर, पंजाब के अमृतसर शहर में शराब के शौकीनों के लिए इन दिनों दिवाली जैसा माहौल है। शराब के ठेकेदारों के बीच छिड़े आपसी कंपीटीशन (प्राइस-वार) के कारण कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले कुछ दिनों से जारी इस रेटों की प्रतिस्पर्धा के चलते वाइन-शॉप्स के बाहर नई रेट लिस्टों के बड़े-बड़े डिस्प्ले बोर्ड लगा दिए गए हैं। हालात यह हैं कि जो बोतल पहले 800 रुपए में बिक रही थी, उसकी कीमत अब गिरकर मात्र 500 रुपए के करीब रह गई है।

जानकारी के अनुसार शराब के ठेकों की नई अलॉटमैंट के बाद शुरुआती दौर में ठेकेदारों ने दाम ऊंचे रखे थे। लेकिन अप्रैल के अंतिम दिनों में ठेकेदारों का आपसी प्राइस पूल टूट गया, जिससे शराब के ठेकों पर रेटों में भारी गिरावट आ गई। मध्यम वर्ग की पसंद माने जाने वाले ब्रांड जैसे रॉयल स्टैग, रॉयल स्टैग बैरल, ब्लैंडर प्राइड और सिग्नेचर पर करीब 30 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं, प्रीमियम श्रेणी के ब्रांड जैसे ब्लैक लेबल, चिवास रेगल, डबल ब्लैक और मंकी शोल्डर के शौकीनों को अब 30 से 35 प्रतिशत कम दाम चुकाने होंगे।

केवल बोतलों पर ही नहीं, बल्कि क्वार्टर (पव्वे) और हाफ (अधिए) की कीमतों में भी उल्लेखनीय कमी आई है। पहले बोतल के मुकाबले ये छोटे पैक 20 प्रतिशत अधिक महंगे हुआ करते थे, लेकिन अब इनके दाम भी अनुपात में कम कर दिए गए हैं। भीषण गर्मी के बीच बीयर की कीमतों में भी 20 से 25 प्रतिशत की औसत गिरावट देखी जा रही है, जिससे ठेकों पर बिक्री में उछाल है।

विशेषज्ञों का मानना है कि कीमतों में इस भारी कमी से अवैध शराब के कारोबार को तगड़ा झटका लगेगा। चंडीगढ़ और हरियाणा से तस्करी कर लाई जाने वाली शराब का दबदबा कम होगा क्योंकि लोकल रेटों में पहले ही कमी आ चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *