कुमकुम भाग्य फेम एक्ट्रेस संचिता उगले ने लगाई फांसी
मौत से 19 घंटे पहले के वीडियो ने खड़े किए गंभीर सवाल
मुंबई, मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। कई मशहूर टीवी सीरियल्स और फिल्मों में अपने अभिनय का जादू बिखेरने वाली 30 वर्षीय एक्ट्रेस संचिता उगले ने 14 जून को मुंबई में सुसाइड कर लिया है। इस मनहूस खबर के सामने आते ही पूरी टीवी इंडस्ट्री और उनके फैंस गहरे सदमे में हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और हर कोई यह जानने की कोशिश कर रहा है कि एक हंसती-खेलती और खुशमिजाज लड़की ने अचानक फांसी लगाकर मौत को गले क्यों लगा लिया।
संचिता की मौत ने लोगों को एक और गहरे जख्म की याद दिला दी है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि साल 2020 में ठीक इसी तारीख यानी 14 जून को ही बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हुई थी। संचिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दी है, लेकिन उन्होंने यह कदम किन वजहों से उठाया, इसे लेकर अभी तक कोई भी पुख्ता जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि इस असमय मौत के पीछे छिपे असली कारणों का पर्दाफाश हो सके।
संचिता अपनी दमदार एक्टिंग के लिए छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक पहचानी जाती थीं। उन्होंने ‘साजन घर’, ‘कुमकुम भाग्य’, ‘वागले की दुनिया’ और ‘दिलवाली दूल्हा ले जाएगी’ जैसे लोकप्रिय शोज में अपने अभिनय का लोहा मनवाया था। इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड सुपरस्टार विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ में भी अपने अभिनय का जलवा बिखेरा था, जिसमें वह ‘ताराबाई’ के किरदार में नजर आई थीं। उनके अचानक चले जाने से इंडस्ट्री ने एक होनहार अदाकारा को खो दिया है।
एक्ट्रेस के सुसाइड से भी ज्यादा उनके आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। मौत को गले लगाने से महज 19 घंटे पहले संचिता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह अपने हाथों में कैमरा पकड़े बेहद खुश, हंसती और चहकती हुई नजर आ रही थीं। वीडियो का कैप्शन उन्होंने ‘मैं नाचूं तू नाचा’ लिखा था। इंस्टाग्राम पर उनके 1 लाख 39 हजार फॉलोअर्स थे और उनकी प्रोफाइल देखकर साफ पता चलता था कि वह जिंदगी को खुलकर जीने वाली बिंदास लड़की थीं। कैमरे पर मुस्कुराते उनके उस चेहरे के पीछे ऐसा कौन सा गहरा दर्द छिपा था जिसने उन्हें मौत चुनने पर मजबूर कर दिया, यह सवाल अब हर किसी के जेहन में कौंध रहा है।
