प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले लिखे गए खालिस्तानी नारे
आतंकी ने ट्रेन के अंदर का वीडियो भी किया जारी
फिरोजपुर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पंजाब दौरे से पहले फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन के कुछ डिब्बों पर खालिस्तान जिंदाबाद और मोदी मुर्दाबाद जैसे आपत्तिजनक नारे लिखे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस से जुड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाने का दावा किया जा रहा है।
वीडियो के साथ प्रतिबंधित संगठन के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से एक संदेश भी जारी किया गया है, जिसमें आतंकवाद के दौर से जुड़े कुछ पुराने मामलों का उल्लेख किया गया है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना सामने आने के बाद सुरक्षा एवं खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ट्रेन के डिब्बों पर नारे किसने और कब लिखे। पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित पंजाब दौरे को देखते हुए रेलवे स्टेशनों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है तथा अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पंजाब दौरा 15 या 17 जुलाई को प्रस्तावित है। इस दौरान उनके जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की नवनिर्मित इमारत का उद्घाटन करने और चंडीगढ़ में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करने की संभावना है। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से विस्तृत कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
