June 23, 2026

शादी से ठीक एक दिन पहले दुल्हन समेत माता-पिता ने दी जान

सुसाइड नोट में खुला रोंगटे खड़े करने वाला राज

मैसूर, कर्नाटक के मैसूर जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घर में जिस बेटी की शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां शादी से महज एक दिन पहले ही मौत का खौफनाक सन्नाटा पसर गया। 21 साल की होने वाली दुल्हन और उसके माता-पिता ने कथित तौर पर जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। इस दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है और खुशियों वाले घर में चारों तरफ चीख-पुकार मची है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतकों की पहचान 50 वर्षीय शिवन्ना, उनकी 45 वर्षीय पत्नी नागरत्ना और 21 वर्षीय बेटी रक्षिता के रूप में हुई है। यह परिवार टी नरसीपुरा तालुक के हालेकेम्पय्यानहुंडी गांव का रहने वाला था और अगले ही दिन रक्षिता की डोली उठने वाली थी। शुरुआती पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि यह परिवार पिछले कुछ दिनों से गहरे मानसिक तनाव और खौफ के साए में जी रहा था। इस तनाव की मुख्य वजह उसी गांव का रहने वाला उल्लास गौड़ा नाम का एक युवक था। आरोप है कि उल्लास रक्षिता से शादी करना चाहता था और जब रक्षिता का रिश्ता किसी अन्य व्यक्ति से तय हो गया, तो वह बौखला गया और उसने परिवार का जीना हराम कर दिया।

रक्षिता की शादी को रुकवाने और रिश्ते को तार-तार करने के लिए आरोपी उल्लास गौड़ा ने सारी हदें पार कर दीं। पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, उसने न सिर्फ रक्षिता के चरित्र को लेकर गांव में झूठी और भ्रामक बातें फैलाईं, बल्कि रक्षिता के मंगेतर के मोबाइल पर भी कुछ तस्वीरें और मैसेज भेज दिए। सामाजिक बदनामी और इस लगातार मिल रही प्रताड़ना से टूटकर परिवार ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें इन तीनों मौतों के लिए सीधे तौर पर उल्लास गौड़ा को जिम्मेदार ठहराया गया है। फिलहाल, टी नरसीपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सुसाइड नोट व मोबाइल फोन जैसे डिजिटल सबूतों को कब्जे में लेकर आगे की कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *