May 15, 2026

पोते ने दी जान, सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई दादी

24 घंटे में उठीं 2 अर्थियां

शिवपुरी, मध्य प्रदेश के शिवपुरी में सीबीएसई 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया है। एक छात्र के गलत फैसले ने न सिर्फ उसकी जान ले ली, बल्कि उसके गम में उसकी बुजुर्ग दादी ने भी दम तोड़ दिया। महज 24 घंटे के भीतर एक ही घर से दो अर्थियां उठने से पूरा शिवपुरी शहर गहरे सदमे और मातम में डूब गया है।
यह हृदयविदारक घटना शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र के छोटे लुहारपुरा इलाके की है। यहां रहने वाले 18 वर्षीय आर्यमन सिंह सिसोदिया ने बुधवार को फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार, आर्यमन ने हाल ही में सीबीएसई 12वीं की परीक्षा दी थी, लेकिन जब रिजल्ट आया तो उसे एक विषय में सप्लीमेंट्री मिली थी।

सिसोदिया परिवार अभी घर के इकलौते चिराग के बुझने के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि नियति ने उन्हें एक और गहरा जख्म दे दिया। अपनी आंखों के सामने जवान पोते का शव देखकर आर्यमन की दादी इस भयानक सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सकीं। परिजनों के मुताबिक, पोते की मौत के बाद से ही उन्होंने बोलना-चालना बंद कर दिया था और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गुरुवार देर शाम हार्ट अटैक आने से उनकी भी मौत हो गई।
यह दर्दनाक घटना समाज और हर उस छात्र के लिए एक बड़ी चेतावनी है कि कोई भी परीक्षा या उसका परिणाम आपकी जिंदगी और काबिलियत का आखिरी पैमाना नहीं हो सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *