April 25, 2026

अदरक-लहसुन, जीरा मिलकर स्वाद तो बनाते हैं, लेकिन खुद सब्जी नहीं: भगवंत मान

आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले सांसदों पर सीएम का कटाक्ष

चंडीगढ़, आम आदमी पार्टी (आप) में मची राजनीतिक हलचल ने बड़ा सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। पार्टी के तीन सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने बीजेपी का दामन थाम लिया है, जबकि चार अन्य सांसदों को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।

इसी घटनाक्रम पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तंज कसते हुए एक व्यंग्यात्मक पोस्ट साझा किया। उन्होंने पार्टी छोड़ने वाले और संभावित रूप से जाने वाले सात सांसदों की तुलना रसोई के सात मसालों—अदरक, लहसुन, जीरा, मेथी पाउडर, लाल मिर्च, काली मिर्च और धनिया—से की। उन्होंने लिखा कि ये मसाले मिलकर ही सब्जी को स्वाद देते हैं, लेकिन अकेले इनकी कोई अहमियत नहीं होती।

वहीं, पंजाब सरकार के मंत्री बलबीर सिंह ने भी इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन सांसदों को जनता और विधायकों ने चुनकर भेजा, उन्होंने विश्वासघात किया है। उनका कहना था कि अगर उनमें नैतिकता होती, तो वे इस्तीफा देकर पार्टी छोड़ते। उन्होंने इसे बीजेपी का ऑपरेशन लोटस करार दिया।

सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के बीजेपी में विलय की प्रक्रिया आज पूरी हो सकती है। बताया जा रहा है कि सभी कानूनी और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और अब इस पर अंतिम फैसला सभापति की मंजूरी के बाद होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *