May 2, 2026

आशिकी स्टार राहुल रॉय का बदला रूप, वीडियो देख चौंके फैंस

आशिकी फेम अभिनेता राहुल रॉय एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उनके रोमांटिक वीडियो हैं। 60 की उम्र में राहुल रॉय का यह अंदाज देखकर फैंस हैरान और हैरत में भी है। जहां कुछ लोग उन्हें खुलकर जीने और अपनी लाइफ को एंजॉय करने के लिए सपोर्ट कर रहे हैं, वहीं कुछ उम्र का हवाला देते हुए उन्हें ट्रोल कर रहे हैं।इंस्टाग्राम पर डॉ. वनिता घडगे द्वारा पोस्ट की गई रील्स में राहुल रोमांटिक गानों पर डांस करते नजर आ रहे हैं। दोनों ने फिल्म के पुराने सुपरहिट गानों पर कई रील्स बनाई हैं, जिनमें एक वीडियो में राहुल रॉय सिर्फ खड़े दिखाई देते हैं, जबकि वनिता उनके साथ फैन मोमेंट को एंजॉय करती दिखती हैं।इसपर एक यूजर ने लिखा- प्लीज हीरोइन बदल दीजिए तो दूसरे ने कहा कि पता नहीं किस दबाव में ये रील बनाई जा रही हैं। कुछ फैंस भावुक होकर लिखते हैं कि पुराने दिन याद आ गए, जबकि कुछ ने चिंता जताई कि इनका डाउनफॉल इन्हें कहां ले आया। कुल मिलाकर यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा और विवाद दोनों का केंद्र बन गया है।

वायरल वीडियो पर ट्रोल होने के बाद राहुल ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर की है। उन्होंने बताया कि डाउनफॉल के बाद उन्हें कितनी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पोस्ट में उन्होंंने लिखा- मैं अपना काम ईमानदारी और विनम्रता के साथ करता हूं। मुझे कुछ लीगल मामलों के लिए पेमेंट करना है और ये आज के नहीं हैं, ये उस समय के हैं जब ब्रेन स्ट्रोक हुआ था, उससे पहले के। अगर आप मेरी सादगी का मजाक उड़ाते हैं या मेरे संघर्षों पर हंसते हैं, तो यह मेरे बारे में कम और आपके बारे में ज्यादा बताता है। उन्होंंने आगे लिखा- अगर आप सच में इतने परेशान हैं तो मेरी मदद करें, ताकि मैं इन मामलों का पेमेंट कर सकूं। मैं मेहनत करके कमा रहा हूं, दूसरों का मजाक उड़ाकर नहीं। ब्रेन स्ट्रोक के बाद, मेरे लिए एक्टिव रहना जरूरी है। मैं अपने आखिरी दम तक काम करना चाहता हूं। हां, कभी-कभी थोड़ा दर्द हो सकता है लेकिन आप मुझे तोड़ नहीं सकते।

इससे पहले भी राहुल रॉय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसमें वह मुंबई के वर्सोवा इलाके में टूटी हुई सड़क पर सूटकेस लेकर चलते नजर आए थे। उस वीडियो में उनका लुक बेहद साधारण था, जिसके कारण कई लोगों ने उन्हें पहचान तक नहीं पाया। कभी ‘आशिकी’ से रातोंरात स्टार बने राहुल रॉय को इस तरह सामान्य हालात में देखकर फैंस भी भावुक हो गए थे।

साल 1990 में आई महेश भट्ट की फिल्म आशिकी ने राहुल रॉय को रातोंरात स्टार बना दिया था। उस दौर में उनकी लोकप्रियता इतनी तेजी से बढ़ी कि उनकी तुलना सुपरस्टार्स शाहरुख खान और सलमान खान से होने लगी थी। हालांकि आशिकी की सक्सेस के बाद भी राहुल रॉय उस ऊंचाई तक नहीं पहुंच सके, जिसकी उम्मीद की जा रही थी। इसके बाद उन्होंने गुमराह, सपने साजन के, गजब तमाशा और फिर तेरी कहानी याद आई जैसी कई फिल्मों में काम किया, लेकिन फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पाई।

कुछ सालों तक बॉलीवुड इंडस्ट्री से दूर रहने के बाद राहुल 2006 में टीवी शो बिग बॉस में नजर आए। उन्होंने इस सीजन को जीतकर दोबारा शोहरत हासिल की। इसके बाद उन्होंने फिल्म ‘एलान’ (2011) के जरिए प्रोडक्शन में भी कदम रखा। वह आखिरी बार 2023 में फिल्म आगरा में दिखाई दिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *