June 12, 2026

बरोट को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में चला व्यापक स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान

प्लास्टिक कचरा प्रबंधन को लेकर उपमंडलाधिकारी ने ली अहम बैठक, जनसहभागिता पर दिया जोर
पधर, बरोट को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम के तहत आज बरोट में स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी द्रंग विनय चौहान ने की। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न महिला मंडलों के सदस्य, होटल-ढाबा संचालक, दुकानदार तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान बरोट क्षेत्र में प्लास्टिक कूड़ा एकत्रित किया गया तथा ढाबा मालिकों और दुकानदारों को ठोस कचरे को खुले में न फेंकने, कचरे का पृथक्करण करने तथा प्लास्टिक कचरे को पंचायत द्वारा अधिकृत व्यक्ति को ही सौंपने के बारे में जागरूक किया गया। खंड विकास अधिकारी विनय चौहान ने बताया कि बरोट पंचायत क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर पंचायत द्वारा प्लास्टिक कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। उपमंडलाधिकारी (ना.) पधर सुरजीत सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों, ढाबा मालिकों, दुकानदारों एवं अन्य स्थानीय लोगों के साथ बैठक की। बैठक में बरोट में प्लास्टिक कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने तथा इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ उनके सुझाव भी लिए गए।
उपमंडलाधिकारी सुरजीत सिंह ने कहा कि बरोट में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की अत्यंत आवश्यकता है तथा प्रशासन द्वारा शीघ्र ही प्लास्टिक कचरा प्रबंधन प्रणाली शुरू की जाएगी, ताकि बरोट को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने सभी व्यापारियों, ढाबा संचालकों, दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों से इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *